Redmi Note 8 vs Redmi Note 8 Pro: कीमत
रेडमी नोट 8 की कीमत 999 चीनी युआन (करीब 10,000 रुपये) से शुरू होती है। यह दाम 4 जीबी + 64 जीबी मॉडल का है। स्मार्टफोन के 6 जीबी + 64 जीबी और 6 जीबी + 128 जीबी वेरिएंट भी हैं। जिन्हें क्रमशः 1,199 चीनी युआन (करीब 12,000 रुपये) और 1,399 चीनी युआन (करीब 14,000 रुपये) में बेचा जाएगा।
दूसरी ओर, रेडमी नोट 8 प्रो का दाम 1,399 चीनी युआन (करीब 14,000 रुपये) से शुरू होगा। यह कीमत 6 जीबी रैम और 64 जीबी स्टोरेज वेरिएंट की है। हैंडसेट के 6 जीबी + 128 जीबी और 8 जीबी + 128 जीबी मॉडल क्रमशः 1,599 चीनी युआन (करीब 16,000 रुपये) और 1,799 चीनी युआन (करीब 18,000 रुपये) में बिकेंगे।
रेडमी नोट 8 और रेडमी नोट 8 प्रो की भारत में कीमत से पर्दा उठना अभी बाकी है। दोनों ही हैंडसेट के लॉन्च के तुरंत बात Xiaomi इंडिया के प्रमुख मनु कुमार जैन ने साफ कर दिया कि ये फोन जल्द ही भारत में भी लॉन्च होंगे। मनु कुमार जैन ने ट्विटर पर बताया कि भारत में लॉन्च किए जाने से पहले इन फोन की टेस्टिंग ज़रूरी है, साथ में सर्टिफिकेशन भी मिलना चाहिए। उन्होंने करीब आठ हफ्तों में इन हैंडसेट को भारत में लाए जाने की जानकारी दी है।
Redmi Note 8 बनाम Redmi Note 8 Pro: स्पेसिफिकेशन
दोनों ही हैंडसेट वाटरड्रॉप-नॉच के साथ आते हैं, साथ ही इनके फ्रंट और बैक पैनल पर गोरिल्ला ग्लास 5 का इस्तेमाल हुआ है। रेडमी नोट 8 में 6.39 इंच की फुल-एचडी+ (1080×2340 पिक्सल) स्क्रीन दी गई है। रेडमी नोट 8 प्रो में 6.53 इंच का फुल-एचडी+ (1080×2340 पिक्सल) डिस्प्ले है, 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो के साथ। स्पीड और मल्टीटास्किंग के लिए रेडमी नोट 8 में क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 665 प्रोसेसर और रेडमी नोट 8 प्रो स्मार्टफोन में हीलियो जी90टी प्रोसेसर का इस्तेमाल हुआ है।
Redmi Note 8 vs Redmi Note 8 Pro: कैमरा
रेडमी नोट 8 और रेडमी नोट 8 प्रो दोनों ही हैंडसेट में चार रियर कैमरे दिए हैं लेकिन इनके प्राइमरी कैमरा में अंतर है। रेडमी नोट 8 में 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा, 8 मेगापिक्सल का वाइड-एंगल शूटर और 2 मेगापिक्सल के दो सेंसर होंगे। इसमें 13 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा भी है। रेडमी नोट 8 प्रो वेरिएंट कंपनी का पहला 64 मेगापिक्सल कैमरा फोन है। इस सेंसर के साथ कंपनी ने 8 मेगापिक्सल का वाइड-एंगल सेंसर और दो 2 मेगापिक्सल के सेंसर दिए हैं। फोन में फ्रंट पैनल पर 20 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा है।
Redmi Note 8 बनाम Redmi Note 8 Pro: रैम, स्टोरेज
रेडमी नोट 8 में 4 जीबी और 6 जीबी रैम के साथ 64 जीबी और 128 जीबी दो स्टोरेज वेरिएंट हैं। रेडमी नोट 8 प्रो में 6 जीबी और 8 जीबी रैम के साथ 64 जीबी और 128 जीबी दो स्टोरेज वेरिएंट हैं। रेडमी नोट 8 ड्रीम ब्लू, मीट्योराइट ब्लैक और व्हाइट रंग में मिलेगा। रेडमी नोट 8 का सिर्फ ब्लैक वेरिएंट ग्रेडिएंट फिनिश के साथ नहीं आएगा। रेडमी नोट 8 प्रो को पर्ल व्हाइट, मिनरल ग्रे और फॉरेस्ट ग्रीन रंग में लाया जाएगा।
रेडमी नोट 8 में 4,000 एमएएच की बैटरी है। यह 18 वॉट की फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आती है। Redmi Note 8 Pro की बैटरी 4,500 एमएएच की है। यह 18 वॉट की फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है। उम्मीद है कि दोनों ही हैंडसेट के साथ रिटेल बॉक्स में 18 वॉट का फास्ट चार्जर दिया जा सकता है।
रेडमी नोट 8 और रेडमी नोट 8 प्रो में कुछ समानताएं हैं, जैसे कि दोनों ही फोन डुअल-सिम (नैनो), रियर फिंगरप्रिंट सेंसर, मीयूआई 10, यूएसबी टाइप-सी, 3.5 मिलीमीटर ऑडियो जैक और आईआर ब्लास्टर सपोर्ट के साथ आते हैं।