Vivo X200 Pro Mini भारत में कथित तौर पर लॉन्च के लिए तैयार है। कुछ ही समय पहले जाने माने टिप्स्टर अभिषेक यादव ने खुलासा किया था कि वीवो भारत में अपनी X सीरीज का एक और स्मार्टफोन अप्रैल में लॉन्च करने वाली है। तभी यह अफवाह शुरू हुई कि भारत में X200 Pro Mini की एंट्री होने वाली है। साथ कयास ये भी लगे कि कंपनी इसका टॉप वेरिएंट X200 Ultra पेश करने वाली है।
अब Smartprix की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फोन Vivo X200 Pro Mini ही होगा। साथ ही इसके कौन से वेरिएंट्स भारत में लॉन्च होगें, उनका खुलासा भी रिपोर्ट में किया गया है। Vivo X200 Pro Mini भारत में साल की दूसरी तिमाही में दस्तक दे सकता है। यानी टिप्स्टर अभिषेक यादव का अप्रैल लॉन्च का दावा यहां सच होता दिख रहा है। फोन भारत में दो वेरिएंट्स में आएगा। एक वेरिएंट 12GB+256GB कंफिग्रेशन में होगा जबकि अन्य वेरिएंट 16GB+512GB कंफिग्रेशन में होगा।
Vivo X200 Pro Mini चाइनीज वेरिएंट में 6.3 इंच 1.5K OLED LTPO डिस्प्ले है, जिसका रिफ्रेश रेट 120Hz है। यह फोन Dimensity 9400 चिपसेट से लैस है। फोन में 16GB RAM और 512GB तक इनबिल्ट स्टोरेज है। डिवाइस में 5,700mAh की बैटरी दी गई है जो कि 90W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट करती है। स्मार्टफोन IP68+IP69 रेटिंग से लैस है।
फोन में 50 मेगापिक्सल सोनी LYT818 प्राइमरी कैमरा, 50 मेगापिक्सल अल्ट्रावाइड कैमरा और 100x डिजिटल जूम के साथ 50 मेगापिक्सल का पेरीस्कोप कैमरा है। सेल्फी और वीडियो कॉल के लिए 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।